मन में था देश भक्ति का जज्बा, एक प्रकरण ने खत्म कर दी जिंदगी सेमरिया थाने के बधरा गांव में युवक ने जहर खाकर की आत्महत्या
रीवा। मन में देश भक्ति का जज्बा संजोये सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की एक आपराधिक प्रकरण ने जिंदगी खत्म कर दी। प्रकरण दर्ज होने के बाद उसे लगातार धमकाया जा रहा था जिससे परेशान युवक ने जहर का सेवन कर लिया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए जहां देररात उसकी मौत हो गई।
एक दिन पूर्व खाया था जहर
घटना सेमरिया थाने के बधरा गांव की बताई जा रही है। यहां रहने वाले राहुल तिवारी पिता राजबहोर (२२) ने गुरुवार को यह आत्मघाती कदम उठा लिया था। युवक ने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगडऩे पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई जो उसे तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर आए। हालांकि देर रात युवक ने दमतोड़ दिया। दरअसल उक्त युवक सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था। वह इंदौर में रहकर आईटीआई व सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर किया था गिरफ्तार
तबियत खराब होने पर वह अक्टूबर माह में अपने घर आया था जहां उस पर एक लड़की के साथ छेडख़ानी का आरोप लगा था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया जहां से वह जेल चला गया था। जेल से छूटने के बाद वह इंदौर चला गया था जहां से कुछ दिन पूर्व ही वापस लौटकर आया था। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
परिजनों ने फर्जी प्रकरण दर्ज करवाने का लगाया आरोप
इधर युवक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए है। उनका कहना था कि 16 अक्टूबर को उनके बेटे को गांव के अरविंद कुमार मिश्रा ने शराब पिलाई थी और बाद में गांव के एक व्यक्ति से सांठगांठ कर छेडख़ानी के फर्जी प्रकरण में फंसवा दिया। 8 फरवरी को अनूपपुर में सेना भर्ती होने वाली थी जिसके लिए वह आया था। वह थाने में कैरेक्टर सर्टीफिकेट बनवाने गया था जो प्रकरण दर्ज होने की वजह से नहीं बना। उसको अरविंद मिश्रा और लड़की का पिता लगातार शादी करने का दबाव डाल रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है।