सभी ग्राम पंचायतों में आज होंगी सबला महिला सभा
रीवा मध्यप्रदेश
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पूरे प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। सभी ग्राम पंचायतों में सबला महिला सभा का आयोजन किया जायेगा। इस संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल ने बताया कि इन ग्राम सभाओं में महिलाओं के सामाजिक तथा आर्थिक विकास एवं सामाजिक कुरीतियों के शमन की चर्चा की जायेगी। सबला सभा को सफल बनाने के लिए सभी पंचायतों में एक शासकीय महिला अधिकारी अथवा कर्मचारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ग्राम सभा की अध्यक्षता महिला सरपंच, महिला पंच अथवा गांव की वरिष्ठ महिला द्वारा की जायेगी। ग्राम सभा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग तथा महिला सशक्तिकरण विभाग द्वारा महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं पर चर्चा की जायेगी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सभी ग्राम पंचायतों में आज सबला महिला सभा आयोजित करने के निर्देश दिये गये हैं।